लॉकडाउन में पसरा सन्नाटा, दौड़ती रही गाड़ियां

लॉकडाउन में पसरा सन्नाटा, दौड़ती रही गाड़ियां


कोरोना वायरस को लेकर जनपद में लॉकडाउन के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों पर पूरी तरह से सन्नाटा छाया रहा। सुबह दस बजे से दो बजे तक प्रत्येक चौराहों की पड़ताल की गयी। जहां वाहनों के गुजरने की संख्या काफी कम रही। ज्यादातर दवाओं, सब्जी, फल, किराना आदि की दुकानें ही खुली रही और लोग दूरी बनाकर सामानों की खरीद करते रहे।


नगर के पुरानी सब्जीमंडी पर सुबह 10 बजे चौराहे पर एक दरोगा व तीन सिपाही तैनात रहे। चौराहे से एक घंटे के अंदर 20 बाइक व चार पहिया पांच वाहन गुजरे। जिन्हें रोककर पुलिस पूछताछ कर घर के अंदर रहने की सलाह देती रही। वहीं शहर के मुख्य चौक पर सुबह 11 बजे दोनों पटरियों पर दर्जन भर पुलिसकर्मी तैनात रहे और बाजार में सन्नाटा छाया रहा। चौराहे से लगभग 35 बाइकें व चार पहिया तीन वाहन गुजरे। यहां सब्जीमंडी में ठेले के आसपास दूरी बनाकर लोग सामानों की खरीदारी करते रहे। नगर के शंकरजी मूर्ति तिराहे पर सुबह 12 बजे लॉकडाउन के दौरान पांच पुलिसकर्मी तैनात रहे। यहां से लगभग 30 बाइकें व चार पहिया पांच वाहन गुजरे, जिन्हें पुलिसकर्मी रोककर बंदी का पालन करने के लिए कहते रहे। वहीं दोपहर एक बजे अग्रसेन चौराहे पर पूरी तरह से सन्नाटा छाया रहा। यहां चार पुलिसकर्मी तैनात रहे और दो पहिया 40 वाहन व चार पहिया सात वाहन गुजरे। दोपहर डेढ़ बजे कलक्ट्रेट चौराहे पर सात पुलिसकर्मी तैनात रहे और पूरी तरह से सन्नाटा छाया रहा। यहां से लगभग 35 दो पहिया तथा पांच चार पहिया वाहन गुजरे। इसके अलावा अधिकारियों की भी गाड़ियां शामिल रही। यहां दवा, फल आदि की दुकानें खुली रही। दोपहर दो बजे रैदोपुर तिराहे पर पांच पुलिसकर्मी तैनात रहे। यहां से 40 दो पहिया व चार पहिया आठ गाड़ियां गुजरी।